नालंदा जिले के आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 155 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले के आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 155 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार


बिहारशरीफ 02 मई (हि.स.)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा द्वारा आज शनिवार को श्रम कल्याण केंद्र मैदान स्थित विस्तारित भवन में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श और उपचार प्रदान किया।शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।

आयोजकों ने जानकारी दी कि यह शिविर प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता रहेगा।शिविर में कुल 155 मरीजों की जांच की गई। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी ने 40 बच्चों का उपचार किया, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह ने 30 मरीजों की आंखों की जांच की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story