नवादा में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, उद्यमियों को मिली जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
नवादा में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, उद्यमियों को मिली जानकारी


नवादा,24 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय के निर्देशन में मंगलवार को पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन नवादा के कृषक महाविद्यालय, देवधा में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के कारीगरों, शिल्पकारों, उद्यमियों तथा इच्छुक लाभार्थियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विभिन्न प्रावधानों, लाभों और प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कारीगरों, युवाओं तथा उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का विषय प्रवेश संजीव आज़ाद, सहायक निदेशक एमएसएमई-विकास कार्यालय, पटना द्वारा दिया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों तथा सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों के कौशल को सशक्त बनाने और उन्हें औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर के चौधरी, निदेशक, एमएसएमई-विकास कार्यालय, पटना थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट सहायता, आसान ऋण सुविधा, डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहन तथा विपणन सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपने पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर आत्मनिर्भर बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story