नालंदा जिले के कतरीसराय प्रखंड में जनगणना प्रशिक्षण के लिए 99 प्रगणकों का चयन

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले के कतरीसराय प्रखंड में जनगणना प्रशिक्षण के लिए 99 प्रगणकों का चयन


नालंदा , बिहारशरीफ 8 अप्रैल (हि.स.)। नालंदा जिले के कतरीसराय प्रखंड क्षेत्र में आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से टेक नारायण +2 विद्यालय में शनिवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड के पांच पंचायतों से कुल 99 प्रगणक एवं सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं, जिन्हें जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जनगणना पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार एवं सहायक जनगणना पदाधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर बीडीओ रजनीश कुमार ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने, समय पर प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने विशेष रूप से स्व-गणना प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।प्रशिक्षण सत्र में जिला फील्ड ट्रेनर प्रिंस वर्मा एवं आलोक निरंजन ने जनगणना की मूल अवधारणा, उद्देश्य और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम से जनगणना करने की प्रक्रिया, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के कर्तव्य, मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी), परिवार और भवन की परिभाषा सहित कई तकनीकी बिंदुओं को विस्तार से समझाया गया।

प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल जनगणना की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई। बताया गया कि इस एप्लीकेशन के उपयोग के लिए एंड्रॉयड 12 या उससे ऊपर तथा आईओएस 15 या उससे अधिक संस्करण वाले स्मार्टफोन की आवश्यकता होगी।महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रथम चरण के अंतर्गत मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य 2 मई से 31 मई तक चलेगा, जबकि स्व-गणना की प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई तक निर्धारित की गई है। वहीं जनगणना का द्वितीय चरण फरवरी में आयोजित किया जाएगा।प्रशिक्षण के पहले बैच के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया है और आने वाले दिनों में अन्य बैचों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story