वृक्ष सुरक्षा दिवस पर डीएम ने पेड़ में बांधा रक्षा सूत्र, संरक्षण का लिया संकल्प
सुपौल, 28 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चिल्ड्रेन पार्क, सुपौल में जिला स्तरीय ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के क्रम में जिला स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार ने वृक्ष में रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, सुपौल एवं उप विकास आयुक्त, सुपौल ने भी वृक्ष में रक्षा सूत्र बांधते हुए पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और स्वस्थ जीवन के लिए भी आवश्यक हैं। वृक्षों की रक्षा करना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए भी जरूरी है।
अधिकारियों ने आमजनों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षों के महत्व का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

