कटिहार में चला परिवहन विभाग का डंडा, एक दिन में 4.96 लाख रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में चला परिवहन विभाग का डंडा, एक दिन में 4.96 लाख रुपये का जुर्माना


कटिहार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने बस्तौल चौक एवं रोशना क्षेत्र में विशेष सघन जांच अभियान चलाया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 4.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।

जांच के दौरान नाबालिग वाहन चालकों और बिना वैध पंजीकरण के सड़कों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा (टोटो) व ऑटो के विरुद्ध विशेष सख्ती बरती गई। अभियान दल ने मौके पर ही कागजात, परमिट और सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की।

इसके साथ ही परिवहन विभाग ने वाहन डीलरों और शोरूम संचालकों को भी कड़ा अल्टीमेटम दिया है। विभाग ने साफ किया कि नए वाहनों के निबंधन में अनावश्यक देरी करने वाले शो-रूम संचालकों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई भी वाहन बिना स्थायी पंजीकरण के सड़क पर संचालित मिला, तो वाहन चालक के साथ-साथ संबंधित डीलर की भी सीधी जवाबदेही तय होगी।

विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें तथा सफर के दौरान हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story