बक्सर में प्रशासनिक फेरबदल: डुमरांव को नए एसडीएम, जिला परिवहन कार्यालय को मिला नियमित पदाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर में प्रशासनिक फेरबदल: डुमरांव को नए एसडीएम, जिला परिवहन कार्यालय को मिला नियमित पदाधिकारी


बक्सर, 13 जुलाई (हि.स.)।

बिहार सरकार द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले के बाद बक्सर जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार डुमरांव अनुमंडल को नया अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मिला है, जबकि जिला परिवहन कार्यालय में भी नियमित जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) की तैनाती कर दी गई है। साथ ही बक्सर में पदस्थापित एक वरिष्ठ अधिकारी को औरंगाबाद का एसडीएम बनाया गया है।

सरकारी आदेश के मुताबिक डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर बेगूसराय के जिला परिवहन पदाधिकारी राजीव कुमार को डुमरांव का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उनसे क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ाने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं, समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में भूमि सुधार उपसमाहर्ता के रूप में कार्यरत प्रशांत रमानिया को बक्सर का नया जिला परिवहन पदाधिकारी बनाया गया है। उनके कार्यभार संभालने से परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आने की संभावना है।

इसके अलावा बक्सर के वरीय उपसमाहर्ता गौरव सिंह का तबादला कर उन्हें औरंगाबाद का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story