बक्सर-इटाढ़ी मुख्य पथ पर ट्रैक्टर व साइकिल में टक्कर, दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बक्सर-इटाढ़ी मुख्य पथ स्थित बैरी छावनी के समीप सोमवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर और साइकिल की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मिट्टी लदा ट्रैक्टर इटाढ़ी से बक्सर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बक्सर से इटाढ़ी की तरफ आ रहे साइकिल सवार को ट्रैक्टर ने रौंद दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि ट्रैक्टर चालक को गंभीर हालत में बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतकों में राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा निवासी योगेंद्र राम के 36 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र राम तथा इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी भिलम शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा के रूप में हुई है।थाना प्रभारी सोनू कुमार के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story