फास्टेक प्रशिक्षण टीम पर हमला, पंजीकरण राशि छीने जाने का आरोप
भागलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में एक एनजीओ की फास्टेक प्रशिक्षण टीम पर हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। केवीजीवीएम नामक संस्था ने जीरोमाइल स्थित एक स्थानीय होटल में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी दी। संस्था के अनुसार उनकी टीम कहलगांव के एकचारी थाना क्षेत्र में फास्टेक प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कार्य कर रही थी।
एनजीओ का दावा है कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जिला प्रशासन की अनुमति से वैध रूप से संचालित किया जा रहा था। बताया गया कि 24 फरवरी को जीरोमाइल स्थित एक विवाह भवन में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था और टीम के पास सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे। इसके बावजूद पंजीकरण के दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।
एनजीओ ने रौशन सिंह और यूट्यूबर बादल सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की जिसमें टीम हेड सहित कई लोग घायल हो गए। साथ ही 50-60 प्रतिभागियों से जमा की गई पंजीकरण राशि भी जबरन छीन ली गई। जिला समन्वयक जैनी कुमार ने बताया कि आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए और 1500 रुपये नकद भी लिए गए। मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

