कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण, 8 मतदान केंद्रों पर 3554 मतदाता करेंगे मतदान

WhatsApp Channel Join Now
कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण, 8 मतदान केंद्रों पर 3554 मतदाता करेंगे मतदान


कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण, 8 मतदान केंद्रों पर 3554 मतदाता करेंगे मतदान


किशनगंज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी परवीन जहां और अवर निर्वाचन पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया। इसमें मतदान केंद्रों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा और मतपेटियों को सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।किशनगंज जिले में कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सात प्रखंड कार्यालयों में और एक अनुमंडल दंडाधिकारी, किशनगंज के न्यायालय कक्ष में स्थित है। जिले में कुल 3554 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2898 पुरुष और 656 महिला मतदाता शामिल हैं। कोचाधामन प्रखंड में सर्वाधिक 852 मतदाता हैं, जबकि किशनगंज प्रखंड में 182 मतदाता हैं।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर प्रवेश-निकास नियंत्रित करने, भीड़ प्रबंधन, अनधिकृत प्रवेश रोकने और किसी भी विवाद, झड़प या अफवाह से निपटने के बारे में बताया गया। मतदाताओं को डराने-धमकाने, रिश्वत देने और मतदान में बाधा डालने जैसी गतिविधियों पर नजर रखने तथा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की विभिन्न धाराओं के प्रावधानों की जानकारी देते हुए मतदान की निष्पक्षता बनाए रखने पर बल दिया गया।पुलिसकर्मियों को मतदान दलों के साथ समन्वय कर मतपेटियों को सुरक्षित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने तथा मतदान समाप्ति के बाद पोल्ड मतपेटियों को सुरक्षित वज्रगृह तक पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा गया। मतदाताओं की पहचान के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में पुलिस उपाधीक्षक साइबर सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story