आपदा के समय दिव्यांगजन खुद को कैसे रखें सुरक्षित, मजकूरी पंचायत में दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
आपदा के समय दिव्यांगजन खुद को कैसे रखें सुरक्षित, मजकूरी पंचायत में दिया गया प्रशिक्षण


किशनगंज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आपदा की स्थिति में दिव्यांगजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कोचाधामन प्रखंड की मजकूरी पंचायत में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य मुख्यालय सक्षम, पटना एवं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त निर्देशों के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के साथ उनके अभिभावकों को भी आवश्यक जानकारी दी गई।

जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, सक्षम, किशनगंज के जिला प्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र, किशनगंज के तकनीकी कर्मियों ने दिव्यांगजनों को आपदा के दौरान सतर्कता बरतने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरी सावधानियां अपनाने के बारे में बताया। कार्यक्रम में मजकूरी पंचायत के दिव्यांगजनों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बाढ़, आग, भूकंप अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सतर्कता और सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। ऐसी परिस्थितियों में दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं बचाव की व्यवस्था करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए दिव्यांगजनों और उनके अभिभावकों को संभावित जोखिमों की पहचान करने तथा संकट के समय उपलब्ध सहायता का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आपदा के समय सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना और उनकी बचाव संबंधी क्षमताओं को मजबूत करना था। साथ ही अभिभावकों को भी यह समझाने का प्रयास किया गया कि आपातकालीन स्थिति में दिव्यांगजनों की सहायता किस प्रकार की जाए, ताकि जोखिम को कम किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में यूनिसेफ के GPSVS के जिला समन्वयक एवं संबंधित कर्मियों ने विशेष सहयोग दिया। इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संकट के समय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story