डीएम ने खरीफ मौसम के लिए एक दिवसीय आवर्तीचर्या-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने खरीफ मौसम के लिए एक दिवसीय आवर्तीचर्या-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ


अररिया, 10 नवम्बर(हि.स.)।कृषि वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम के लिए कृषि सांख्यिकी कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों के क्षमता वर्धन हेतु जिला स्तरीय एक दिवसीय आवर्तीचर्या-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन परमान सभागार में मंगलवार को डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से संबंधित क्षेत्रफल एवं फसल उत्पादन के समयबद्ध, शुद्ध एवं विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि कृषि सांख्यिकी के आंकड़े कृषि नीति निर्धारण, कृषि विकास, आयात-निर्यात तथा राष्ट्रीय आय के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य में कृषि सांख्यिकी के आंकड़ों के संकलन में सांख्यिकी निदेशालय के अतिरिक्त अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसी उद्देश्य से संबंधित कर्मियों को नवीनतम प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि सांख्यिकी के आंकड़े कृषि योजनाओं के निर्माण, उनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों के हित में नीतिगत निर्णय लेने का महत्वपूर्ण आधार हैं। अतः सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा आंकड़ों का सही, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संकलन सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्रीकांत पासवान एवं सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी प्रभाष पाठक द्वारा संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया गया तथा कृषि सांख्यिकी के आंकड़ों के संग्रहण एवं संकलन की नवीनतम विधियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में डीडीसी,एडीएम, डीएओ,डीएसओ सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story