खरीफ महाभियान के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
खरीफ महाभियान के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


अररिया 08 जून(हि.स.)। स्थानीय टाउन हॉल में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण की ओर से खरीफ महाभियान के अंतर्गत सोमवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।जिसमें सीनियर एडीएम अनिल कुमार झा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

कार्यशाला में शारदीय मौसम में होने वाली विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी गई।

अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा ने अपने संबोधन में एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री में आ रही मिसमैच, परिमार्जन एवं भूमि संबंधी त्रुटियों के निराकरण के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के कर्मियों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह- आत्मा के परियोजना निदेशक ने खरीफ मौसम में संचालित बेबी कॉर्न एवं स्वीटकॉर्न के उत्पादन को बढ़ावा देने, संकर मक्का एवं धान के अनुदानित बीज वितरण, प्रत्यक्षण कार्यक्रम, फसल विविधीकरण के तहत त्रिफसली प्रणाली को प्रोत्साहित करने तथा दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

वहीं जिला भूमि सुधार उपसमाहर्ता ने फॉर्मर रजिस्ट्री के दौरान सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सुझाव दिए तथा भूमि अभिलेखों से संबंधित त्रुटियों के समयबद्ध निराकरण पर बल दिया। वही कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र एवं सिंचाई विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के उपयोग, जल प्रबंधन एवं वैज्ञानिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story