यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान, 21 वाहन जब्त, 53 हजार से अधिक जुर्माने की वसूली
अररिया 11 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज में अनुमंडल प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 21 वाहन जब्त किए गए। जबकि 53 हजार 500 रूपये जुर्माने के रूप में वाहन चालकों से वसूल की गई।
जानकारी फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने देते हुए बताया कि शहरी क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नकेल कसने को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान मुख्य रूप से रॉन्ग साइड ड्राइविंग और बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वालों पर केंद्रित था।एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को लेकर यातायात नियमों का पालन करे। बिना हेलमेट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही।
विशेष अभियान के दौरान फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी के अलावे एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद, ईएसआई मो.वारिस, अजीत कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पुलिस बल के जवान एवं ऑनवे की टीम मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

