दुर्गा पूजा पर किशनगंज में बदलेगा यातायात का रूट, भारी वाहनों की नो-इंट्री

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा पर किशनगंज में बदलेगा यातायात का रूट, भारी वाहनों की नो-इंट्री


किशनगंज, 16 अक्टूबर (हि.स.)।दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए किशनगंज पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 16 अक्टूबर से लागू व्यवस्था के तहत सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक पिकअप, ट्रैक्टर, जुगाड़ गाड़ी, बस और ट्रक सहित भारी वाहनों के शहरी क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, छोटे वाहनों के लिए वन-वे रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर के 30 पोस्टों पर 30 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग मार्गों पर परिचालन की व्यवस्था तय की गई है। रूईधासा पूजा पंडाल की ओर जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। डे-मार्केट से अस्पताल मोड़, गांधी चौक, सौदागरपट्टी, रमजान पुल, चुड़ीपट्टी और पश्चिमपाली की ओर भी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

इसके अलावा खगड़ा गोलंबर से आगे, धर्मगंज चौक से गांधी चौक तथा कॉलटैक्स चौक से धर्मशाला रोड होते हुए चांदनी चौक जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बस स्टैंड की ओर से आने वाले भारी वाहन रामपुर चेक पोस्ट, बहादुरगंज मोड़, हलीम चौक और लहरा चौक होकर जाएंगे। बहादुरगंज की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित मार्ग से सिलिगुड़ी और किशनगंज बस स्टैंड की ओर भेजा जाएगा। ठाकुरगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए गाछपाड़ा, ब्लॉक चौक, लहरा चौक और हलीम चौक का मार्ग निर्धारित किया गया है। शहर में आने वाले वाहनों के लिए पावर हाउस के पास, पश्चिमपाली में क्रिब्स हॉस्पिटल से मंदिर तक, कॉलटैक्स चौक पर फ्लाईओवर के नीचे तथा रूईधासा मैदान के पूर्वी छोर पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

पुलिस ने आम लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग नियमों का पालन करने की अपील की है। यातायात संबंधी समस्या पर 9031031615 या पुलिस नियंत्रण कक्ष 06456-222109 पर संपर्क किया जा सकता है। व्हाट्सएप नंबर 9031816147 और ERSS कंट्रोल रूम नंबर 9031816148 भी जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story