7 जून तक बेली ब्रिज पर आवाजाही होगी शुरू : डीएम
भागलपुर, 29 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को विक्रमशिला सेतु पर चल रहे बेली ब्रिज निर्माण एवं आवागमन पुनर्बहाली कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीआरओ एवं संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन एवं तकनीकी एजेंसियों का लक्ष्य आगामी 7 जून से पूर्व हर हाल में पुल पर यातायात प्रारंभ करना है। पहले 5 जून से पूर्व का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन आंधी पानी के कारण बिजली कटने की समस्या से काम में बाधा आई। जिससे शुरू करने का लक्ष्य दो दिन आगे बढ़ गया है।
डीएम ने बताया कि पूर्व में जो स्लैब क्षतिग्रस्त हुआ था, उसके स्थान पर नया हिस्सा एक सप्ताह पूर्व ही सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट में जिन दो अन्य हिस्सों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई थी, उन पर भी लॉन्चिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अंतिम लॉन्चिंग का कार्य शेष है, जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। तकनीकी ऑडिट टीम के सुझाव के आधार पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं मजबूती सुनिश्चित करने के लिए चौथे बेली ब्रिज का निर्माण भी कराया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि सीमा सड़क संगठन, पुल निर्माण निगम तथा विभाग के वरिष्ठ अभियंता दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं। विभागीय सचिव स्तर से भी लगातार मॉनिटरिंग एवं दिशा-निर्देश प्राप्त हो रहे हैं, जिससे कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यातायात संचालन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए पहुंच पथ के निर्माण, पुल के एंगल्स की तकनीकी जांच एवं सुधार, कोटा केबिन की स्थापना तथा लाइनिंग, मार्किंग एवं सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसे कार्यों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 7 जून से पूर्व पुल को आवागमन के लिए चालू कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

