विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से फिर शुरू होगा आवागमन, 10 टन वजनी वाहन ही गुजर सकेंगे

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से फिर शुरू होगा आवागमन, 10 टन वजनी वाहन ही गुजर सकेंगे


भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद बंद हुए आवागमन को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सीमा सड़क संगठन द्वारा सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर चार स्थानों पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया है। जिसका कई चरणों में सफल ट्रायल भी पूरा हो चुका है।

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि 7 जून को सुबह 11 बजे से विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज से 10 टन तक क्षमता वाले वाहनों का आवागमन किया जा सकेगा। डीएम ने बताया कि बेली ब्रिज वन-वे है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में मानव बल की तैनाती की जाएगी।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बेली ब्रिज पर तीन शिफ्ट में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर रहकर आवागमन पर नजर रखेंगे।

उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था जिससे भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब 7 जून से आवागमन शुरू होने के साथ ही लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story