किशनगंज के 15 प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइट, जाम से मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज के 15 प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइट, जाम से मिलेगी राहत


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की बदहाल होती यातायात व्यवस्था और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।

किशनगंज शहर के 15 प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही बहादुरगंज और ठाकुरगंज प्रखंड के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की तैयारी है।

इस पहल से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। सोमवार को यातायात डीएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में बढ़ते वाहनों के दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक लाइट लगाने का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया गया है।

शहर के उन प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां दिनभर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।

प्रस्तावित स्थानों में गांधी चौक, पश्चिमपाली, लहरा चौक, बस स्टैंड, बहादुरगंज मोड़, हलीम चौक और मस्तान चौक सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहे शामिल हैं। प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब विभागीय कार्रवाई का इंतजार है। जल्द ही संबंधित विभाग की टीम किशनगंज पहुंचकर प्रस्तावित स्थलों का भौतिक सत्यापन करेगी।

इस दौरान वाहनों के दबाव, सड़क की चौड़ाई, चौक की बनावट और ट्रैफिक सिग्नल लगाने की उपयोगिता का आकलन किया जाएगा। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि किशनगंज शहर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के कारण गांधी चौक, पश्चिमपाली और बाजार क्षेत्र सहित कई प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई है। सुबह से शाम तक दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के दबाव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी रास्ता मिलने में दिक्कत होती है। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नल लगने से वाहनों का परिचालन निर्धारित नियमों के तहत नियंत्रित हो सकेगा।

प्रशासन की यह पहल धरातल पर उतरती है तो किशनगंज की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने के साथ आम लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story