नेताओं के कार्यक्रम और विषहरी पूजा बैरिकेडिंग से थमा भागलपुर, डीएम-एसपी समेत स्कूली बच्चे घंटों जाम में फंसे

WhatsApp Channel Join Now
नेताओं के कार्यक्रम और विषहरी पूजा बैरिकेडिंग से थमा भागलपुर, डीएम-एसपी समेत स्कूली बच्चे घंटों जाम में फंसे


भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।

शहर में मंगलवार दोपहर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कटहलबाड़ी के पास एक होटल में आयोजित राजनीतिक नेताओं के कार्यक्रम और बड़ी खंजरपुर में विषहरी पूजा की बैरिकेडिंग के कारण तिलकामांझी से मनाली चौक मार्ग पर भीषण जाम लग गया।

दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ यह गतिरोध एक घंटे से अधिक समय तक जारी रहा, जिससे राहगीर आधे घंटे से अधिक समय तक तपती धूप में सड़क पर फंसे रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कटहलबाड़ी स्थित होटल में नेताओं का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने आए कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से पार्क कर दिया।

देखते ही देखते गाड़ियों की कतारें लंबी होती गईं और मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। मुख्य सड़क पर जाम देख कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग का रुख किया। लोग मेडिकल कॉलेज के पास डीआइजी कोठी से मायागंज जाने वाली सड़क की ओर मुड़े।

हालांकि, बड़ी खंजरपुर के पास केंद्रीय विषहरी पूजा समारोह को लेकर पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर रखा था। आगे रास्ता बंद मिलने के कारण वाहन चालकों को वापस मुख्य मार्ग पर लौटना पड़ा, जिससे यातायात का दबाव और ज्यादा बढ़ गया। इस महाजाम का असर शहर के वीआईपी और स्कूली बच्चों पर भी पड़ा। जाम के दौरान जिले के डीएम और एसपी के वाहन भी कुछ देर के लिए फंसे रहे। वहीं, छुट्टी के बाद घर लौट रहे विभिन्न स्कूलों के वाहन भी जाम में फंस गए।

भीषण गर्मी के बीच बच्चे गाड़ियों में परेशान दिखे, जिससे उनके अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई।

सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने के बाद ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। इस दौरान तिलकामांझी और मनाली चौक के बीच सफर करने वाले लोगों को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story