भोलानाथ पुल के नीचे जलजमाव और ओवरब्रिज निर्माण कार्य से भीखनपुर 12 नंबर गुमटी पर लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now
भोलानाथ पुल के नीचे जलजमाव और ओवरब्रिज निर्माण कार्य से भीखनपुर 12 नंबर गुमटी पर लगा जाम


भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

शहर के भीखनपुर बारह नंबर गुमटी पर शुक्रवार की सुबह सात बजे से ही भीषण लग गया।

सुबह के व्यस्त समय में लगे इस महाजाम के कारण काम-काज, स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोगों के पैर पूरी तरह से थम गए।

जाम की मुख्य वजह भोलानाथ पुल के नीचे भारी मात्रा में पानी भरा होना है, जिससे इस रास्ते से वाहनों का निकलना असंभव हो गया है।

इसके साथ ही, भोलानाथ पुल ओवरब्रिज निर्माण कार्य चलने की वजह से भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पुल के नीचे जलजमाव और निर्माण कार्य के कारण चारपहिया वाहनों और ई-रिक्शा की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

सभी छोटे-बड़े वाहन 12 नंबर गुमटी वाले वैकल्पिक मार्ग की ओर मुड़ गए, जिसके चलते वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम के कारण भागलपुर के दक्षिणी क्षेत्र के निवासियों को भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है।

इशाकचक, लालुचक, लोदीपुर, बसंतपुर, गोराडीह, मिरजान और सिकंदरपुर सहित विभिन्न इलाकों के हजारों लोग रोजाना इस रास्ते से आवाजाही करने को विवश हैं।

यहां गाड़ियां भी घंटों फंसी रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भोलानाथ पुल के नीचे जलजमाव की समस्या सालों पुरानी है, लेकिन प्रशासन द्वारा इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।

अब ओवरब्रिज निर्माण के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जल निकासी की त्वरित व्यवस्था करने और रूट डायवर्जन को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769179 Articles

Share this story