बहंगी में बच्चे को लेकर छठ घाट पहुंचीं व्रती, सिरसांव मठिया में दिखी वर्षों पुरानी परंपरा की झलक

WhatsApp Channel Join Now
बहंगी में बच्चे को लेकर छठ घाट पहुंचीं व्रती, सिरसांव मठिया में दिखी वर्षों पुरानी परंपरा की झलक


सीवान, 15 नवंबर (हि.स.)। आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच भी लोक आस्था के महापर्व छठ की पुरानी परंपराएं आज भी गांवों में जीवंत हैं। इसकी एक खूबसूरत झलक दरौंदा प्रखंड के सिरसांव मठिया छठ घाट पर देखने को मिली।

यहां एक छठव्रती अपने छोटे बच्चे को पारंपरिक बहंगी में लेकर घाट पहुंचीं। वर्षों पुरानी इस परंपरा का दृश्य देखते ही घाट पर मौजूद लोगों की निगाहें ठहर गईं।

किसी ने इसे मां की ममता और आस्था का प्रतीक बताया, तो किसी ने इसे ग्रामीण संस्कृति की अनमोल विरासत करार दिया। छठ घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बहंगी में बच्चे को लेकर पहुंचने का दृश्य खास आकर्षण बना रहा।

इस अनूठी परंपरा को देखने और अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए यह दृश्य घाट पर चर्चा का विषय बन गया।

इस दौरान पारंपरिक छठ गीत 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं के सामूहिक गीत, सूप और दउरा में सजे पूजन सामग्री तथा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था ने घाट की छटा और मनमोहक बना दी।

ग्रामीणों का कहना था कि समय के साथ पूजा-पद्धति और आयोजन के तौर-तरीकों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन बहंगी जैसी परंपराएं आज भी लोकजीवन में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

सिरसांव मठिया घाट पर दिखी यह झलक नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का संदेश भी देती नजर आई।

दरअसल, छठ महापर्व की खूबसूरती केवल कठिन व्रत और सूर्य उपासना तक सीमित नहीं है। इसमें मां की ममता, परिवार का जुड़ाव, लोकगीतों की मिठास और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का भी अनूठा संसार समाहित है।

सिरसांव मठिया घाट पर बहंगी में बच्चे को लेकर पहुंचीं व्रती ने इसी लोक संस्कृति की एक ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने श्रद्धालुओं के बीच गहरी छाप छोड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story