ट्रैक्टर खड़ा करने के विवाद में युवक को मारी गोली
सीवान, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बेलवार गांव निवासी छोटन यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि छोटन यादव के पास ट्रैक्टर है। बुधवार की देर शाम वह ट्रैक्टर लेकर घर लौटे और घर के समीप खाली जमीन पर ट्रैक्टर खड़ा करने लगे।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर वह ट्रैक्टर खड़ा कर रहे थे, वह किसी अन्य व्यक्ति की है। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और जमीन पर ट्रैक्टर खड़ा करने से मना किया। इस पर छोटन यादव ने कहा कि जमीन के मालिक के कहने पर वह तत्काल ट्रैक्टर हटा लेंगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक तीसरा व्यक्ति वहां पहुंचा और छोटन यादव पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि छोटन यादव के दोनों पैर और दाहिने हाथ में गोली लगी है। गोली शरीर में फंसी हुई है। परिजन सीवान में ही ऑपरेशन कर गोली निकलवाने की बात पर अड़े हुए हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद रघुनाथपुर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल का फर्द बयान लिया। पुलिस फर्द बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
गोलीबारी की घटना के बाद बेलवार गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

