अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत


अररिया 11 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज प्रखंड के घोडाघाट वार्ड संख्या 01 के निवासी जितेंद्र थानदार की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोडाघाट वार्ड संख्या 01 निवासी करीब 50 वर्षीय जितेंद्र थानदार अपने ट्रैक्टर से मिक्सचर मशीन लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रमई पुल के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में जा पलटा। हादसे में ट्रैक्टर चालक जितेंद्र थानदार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया।लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक जितेंद्र थानदार अपने पीछे दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद घोडाघाट वार्ड संख्या 01 समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story