सीवान जंक्शन के यार्ड में दर्दनाक हादसा, ट्रैकमैन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सीवान जंक्शन के यार्ड में दर्दनाक हादसा, ट्रैकमैन की मौत


सीवान जंक्शन के यार्ड में दर्दनाक हादसा, ट्रैकमैन की मौत


सीवान, 19 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के

सीवान में रविवार की सुबह सीवान जंक्शन के यार्ड में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ट्रैकमैन की जान चली गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार राय के रूप में हुई है, जो सारण जिले के रिवीलगंज थाना क्षेत्र के ईनई गांव निवासी राम नारायण प्रसाद के पुत्र थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार राय की ड्यूटी सुबह 6 बजे से 9 बजे तक ट्रैक की जांच के लिए लगाई गई थी। वह सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) सीवान पश्चिम के अधीन कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान वह यार्ड में ट्रैक की जांच कर रहे थे, तभी छपरा से सीवान की ओर जा रही 75103 पैसेंजर ट्रेन रन-थ्रू पास कर रही थी।

इसी दौरान अचानक ट्रेन से धक्का लगने के कारण संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरने से उनके सिर में गहरी चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद अन्य रेल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से रेलवे कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story