किराये पर चल रहे 2018 आंगनबाड़ी केंद्र होंगे सरकारी भवनों में शिफ्ट, पोषण ट्रैकर में प्रथम रैंक पर डीएम ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
किराये पर चल रहे 2018 आंगनबाड़ी केंद्र होंगे सरकारी भवनों में शिफ्ट, पोषण ट्रैकर में प्रथम रैंक पर डीएम ने दी बधाई


कटिहार, 20 नवंबर (हि.स.)। कटिहार में किराये के कमरों में संचालित हो रहे 2018 आंगनबाड़ी केंद्रों को अब जल्द ही सरकारी भवनों की छत नसीब होगी। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शुक्रवार को एनआईसी सभागार में आयोजित आईसीडीएस की समीक्षात्मक बैठक में इन सभी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी स्कूलों या भवनों में स्थानांतरित करने की रूपरेखा तय की। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भवनहीन केंद्रों के लिए अविलंब भूमि चिह्नित कर एनओसी प्राप्त की जाए, जबकि जर्जर केंद्रों का कायाकल्प अभियान के तहत जीर्णोद्धार कर वहां बुनियादी सुविधाएं बहाल की जाएं।

बैठक के दौरान डीएम ने राज्य स्तर पर पोषण ट्रैकर की रैंकिंग में कटिहार जिला के प्रथम स्थान पर रहने पर संतोष व्यक्त किया और इसके लिए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सभी सीडीपीओ, कर्मियों व आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने इस रैंक को बरकरार रखने के लिए सभी इंडिकेटर्स को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा निम्न प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को एक सप्ताह के भीतर सुधार लाने को कहा। निरीक्षण ऐप (आंगन ऐप) पर खराब प्रदर्शन करने वाली महिला पर्यवेक्षिकाओं से स्पष्टीकरण पूछकर कार्रवाई करने तथा टीएचआर व गर्म पका भोजन की एंट्री शत-प्रतिशत पोषण ट्रैकर पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने विशेष अभियान चलाकर नाटापन, कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की पहचान करने और गंभीर बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) भेजने का आदेश दिया। आभा व अपार आईडी की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं में बच्चों व महिलाओं के आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाने को कहा गया। वहीं, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना में लक्ष्य के अनुरूप कम उपलब्धि पर खेद जताते हुए डीएम ने स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर नवंबर के अंतिम सप्ताह तक शत-प्रतिशत सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, डीपीओ मनरेगा, कार्यपालक अभियंता एलएईओ (कटिहार व बारसोई), सभी सीडीपीओ तथा वीसी के माध्यम से सभी बीडीओ व सीओ शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story