जिले के टॉप टेन अपराधियों में शुमार डेविड उर्फ लालू गिरफ्तार
अररिया,11 अप्रैल(हि.स.)। जिले की जोकीहाट और महलगांव थाना की संयुक्त पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के टॉप टेन अपराधियों में शुमार मो.डेविड उर्फ गुलाब उर्फ लालू को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी।जाली नौटंकी गोरखधंधे के साथ गैरकी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा के शटर काटकर घुसने के असफल प्रयास के मामले में पुलिस इन्हें तलाश कर रही थी।
शनिवार शाम एसपी जितेन्द्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।एसपी ने बताया कि जिले के जोकीहाट,महलगांव और किशनगंज जिला विशनपुर थाना में इनके खिलाफ नौ संगीन आपराधिक मामले दर्ज है।अपराध करने के फिराक में था गिरफ्तार डेविड।जोकीहाट और महलगांव थाना पुलिस ने इन्हें गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
छापेमारी दल में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा,महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,जोकीहाट थाना में पदस्थापित एसआई रजनीकांत,पंकज कुमार और महलगांव थाना में पदस्थापित एसआई राजू कुमार के साथ गृहरक्षक विनय कुमार यादव और निरंजन कुमार साह शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

