एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सीवान का टॉप-10 अपराधी श्वेता सिंह गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सीवान का टॉप-10 अपराधी श्वेता सिंह गिरफ्तार


सीवान, 04 जून (हि.स.)।जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिवान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।जिला पुलिस, एसटीएफ और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में नौतन थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों में शामिल बंटी कुमार सिंह उर्फ श्वेता सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई एवं नौतन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नौतन थाना क्षेत्र के खलवा गांव निवासी बंटी कुमार सिंह उर्फ श्वेता सिंह को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ नौतन थाना में रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अवैध शराब तस्करी से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह नौतन थाना कांड संख्या 299/24 में भी वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार बंटी कुमार सिंह के खिलाफ वर्ष 2018 से लेकर 2025 तक नौतन थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, चोरी, रंगदारी, लूट, हत्या के प्रयास तथा अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कांड शामिल हैं।

इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम, जिला आसूचना इकाई, सीवान तथा नौतन थाना के थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार समेत पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसपी पुरन कुमार झा ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story