एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, टॉप-10 वांछित कन्हैया सहनी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, टॉप-10 वांछित कन्हैया सहनी गिरफ्तार


एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, टॉप-10 वांछित कन्हैया सहनी गिरफ्तार


सीवान, 03 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ एवं गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल कन्हैया सहनी उर्फ कन्हैया लाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि 2 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम और गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के महुली गांव में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी कन्हैया सहनी उर्फ कन्हैया लाल, पिता बिहारी सहनी, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या 73/26 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(2)(बी)(सी) एवं 22 के तहत वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

एसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वांछित एवं फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है तथा उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ की टीम, गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story