इप्टा के 84वें स्थापना दिवस पर जन संस्कृति दिवस आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
इप्टा के 84वें स्थापना दिवस पर जन संस्कृति दिवस आयोजित


नवादा, 26 मई (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल प्रखण्ड के चरौल गांव में मंगलवार को इप्टा के 84वें स्थापना दिवस के अवसर पर जन संस्कृति दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिहार इप्टा के उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इप्टा विश्व शांति और जन संस्कृति का पक्षधर संगठन है। यही वजह है कि नवादा इप्टा इस आयोजन को जनता के बीच जन संस्कृति दिवस के रूप में मनाता है।

मुख्य अतिथि तुफानी प्रसाद यादव ने कहा कि इप्टा से जुड़े युवा लुप्त होती लोक विधाओं, कलाओं और नाट्य शैलियों को पुनर्जीवित कर जनता की आवाज बन रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए सचिव चन्द्रमौलि कुमार ने इप्टा के इतिहास और वर्तमान संदर्भों पर प्रकाश डाला तथा आगामी सम्मेलन में नरेंद्र प्रसाद सिंह को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को रामनरेश कुमार, उमाकांत सिंह एवं राजकुमार प्रसाद सहित कई लोगों ने संबोधित किया। नरेंद्र लिखित नाटक गम की आंसू में कुमुद द्वारा निभाई गई भिखारी की भूमिका को दर्शकों ने खूब सराहा। तबला, नाल व गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने देर रात तक समां बांधे रखा।

इस दौरान कवि, लेखक एवं इप्टा संरक्षक जयप्रकाश तथा प्रेमचंद साहित्य मंच के संस्थापक अध्यक्ष डॉ संजय कुमार सिंहा के आकस्मिक निधन पर एक मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन रत्नेश राज ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story