एनएच-20 पर अतिक्रमण मुक्त अभियान जारी, चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-20 पर अतिक्रमण मुक्त अभियान जारी, चला बुलडोजर


नवादा, 28 अगस्त (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला कई निर्माण कराए गए स्थलों को दोस्त कर दिया गया।

प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने पुलिस बल के साथ रजौली बाईपास के सर्विस रोड किनारे नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।रजौली कैंटीन के पास सर्विस रोड से सटे दर्जनों मकानों और दुकानों के आगे एनएचएआई की नालियों को ऊंचा कर पेवर ब्लॉक बिछा दिए गए थे। कई जगहों पर नालियों को ढककर रास्ता बना दिया गया था।

इससे बारिश के पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ घरों और दुकानों का गंदा पानी भी नालियों में गिराया जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड किनारे कई स्थानों पर पिछले छह महीने से अधिक समय से नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं और नालियां खुली पड़ी हैं।

मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी ने बताया कि एनएचएआई की ओर से बनाई गई नालियां केवल बारिश के पानी की निकासी के लिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए अनधिकृत निर्माण और बदलाव के कारण नालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। अब किसी भी मकान या दुकान का गंदा पानी एनएचएआई की नालियों में नहीं बहने दिया जाएगा।

अभियान के दौरान मकानों और दुकानों के आगे बिछाए गए पेवर ब्लॉक, निर्मित नालियां और करकट की अस्थाई संरचनाओं को तोड़कर जमीन को समतल किया गया। नाली से नीचे फर्श तैयार कराया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके। क्षतिग्रस्त नालियों पर जल्द ढक्कन लगाए जाने की भी जानकारी दी गई।

त्रिपाठी ने बताया कि अभियान को देखते हुए हरदिया और आसपास के क्षेत्रों में अधिकांश लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया है। प्राणचक मोड़ के समीप कुछ मकान और दुकानें एनएचएआई की जमीन पर होने की शिकायत मिली है। इनकी नापी कर स्थिति स्पष्ट होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि सिमरकोल से बांके मोड़ तक वर्ष 1974 के आसपास का पुराना नक्शा उपलब्ध नहीं है। इसलिए फिलहाल अस्थाई संरचनाओं को ही हटाया गया है। नक्शा उपलब्ध होने के बाद संबंधित जमीन की पैमाइश कर अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा और अगले चरण में नियमानुसार कार्रवाई होगी। प्रशासन ने लोगों से सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story