जॉब कैम्प में 14 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
जॉब कैम्प में 14 अभ्यर्थियों का हुआ चयन


नालंदा, 22 जुलाई (हि.स.)। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, नालन्दा द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संयुक्त श्रम भवन, प्रखंड परिसर, बिहारशरीफ में आज बुधवार को एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया गया। इस जॉब कैम्प में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित नियोजक संस्था फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी ने भाग लिया।

कैम्प के दौरान कुल 118 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया, जिनमें से 14 अभ्यर्थियों का स्थल पर ही चयन किया गया।जिला नियोजनालय के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जॉब कैम्पों का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठानों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग प्रदान करना है। विभाग द्वारा आगे भी समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों एवं जॉब कैम्पों का आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story