नालंदा जिले में पैक्स चुनाव में रजनीकांत कुमार ने 79 मतों से शानदार जीत दर्ज की

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले में पैक्स चुनाव में रजनीकांत कुमार ने 79 मतों से शानदार जीत दर्ज की


नालंदा, बिहारशरीफ 16 जुलाई (हि.स.)।

नगरनौसा प्रखंड की काछियावां पैक्स चुनाव का परिणाम बुधवार देर रात घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष पद के चुनाव में रजनीकांत कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निवर्तमान अध्यक्ष शिव कुमार को 79 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की।प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ ओमप्रकाश कुमार ने परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि रजनीकांत कुमार को कुल 596 मत प्राप्त हुए, जबकि शिव कुमार को 517 मत मिले। मतगणना पूरी होने के बाद बीडीओ ने विजयी प्रत्याशी रजनीकांत कुमार को निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंपा।परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और विजयी प्रत्याशी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।जीत के बाद रजनीकांत कुमार ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि काछियावां पैक्स के सभी मतदाताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। किसानों के हितों की रक्षा, पैक्स का पारदर्शी संचालन तथा सदस्यों को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी मतदाताओं, समर्थकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story