पंचायत विकास दिवस पर ग्रामसभाओं में गूंजे विकास के मुद्दे, कई समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
नालंदा, बिहारशरीफ 28 जून (हि.स.)। नालंदा जिले के प्रखंड की सभी पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्रामसभा एवं विशेष बैठक का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित बैठकों में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा, जबकि जनप्रतिनिधियों और पंचायत सचिवों ने विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
साथ ही शेष लंबित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन भी दिया गया।
बैठक के दौरान पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की भागीदारी से आयोजित ग्रामसभा में स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर उनके समाधान की रूपरेखा तैयार की गई।
कटौना पंचायत के मुखिया शशि भूषण कुमार, मैराबरीठ पंचायत की मुखिया नीतू कुमारी तथा दोनों पंचायतों के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि ग्रामसभा में ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए लोगों की भागीदारी बेहद आवश्यक है। बैठक में कई छोटे-छोटे मामलों का तत्काल समाधान भी किया गया।
वहीं कतरी पंचायत के मुखिया रामजी पासवान, दरवेशपुरा पंचायत के मुखिया रवि रंजन उर्फ छोटू, ग्राम पंचायत राज बिलारी के मुखिया हिमांशु कुमार पासवान उर्फ सम्राट हिमांशु तथा तीनों पंचायतों के पंचायत सचिव सूर्यबली कुमार ने कहा कि ग्रामसभा में पंचायत से संबंधित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों को दर्ज कर उनके शीघ्र समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर कार्य कर रहे हैं, ताकि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।
ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क निर्माण, नाली की सफाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आयोजित इन बैठकों को ग्रामीणों ने सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इस तरह की ग्रामसभाओं से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलता है, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी दोनों मजबूत होती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

