36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप संपन्न, कुलपति ने विजेताओं को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप संपन्न, कुलपति ने विजेताओं को किया सम्मानित


नालंदा, बिहारशरीफ 28 जून (हि.स.)। 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का समापन रविवार को हरनौत प्रखंड स्थित इंडोर शूटिंग रेंज कल्याण विगहा में हुआ। बिहार राज्य राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा थे।

अतिथियों ने विजेता एवं सहभागी सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बिहार में निशानेबाजी खेल निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार का नाम गौरवान्वित करने की शुभकामनाएँ दीं।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने बिहार में निशानेबाजी खेल के बढ़ते स्तर को प्रदर्शित किया। आयोजकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

ज्ञात हो कि यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता थी, जिसमें कुल 372 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। इसमें पटना, नालंदा, सिवान, आरा, दरभंगा, बेगूसराय, मुंगेर सहित विभिन्न जिलों के क्लबों और अकादमियों के शूटरों ने आई एस एस एफ और एन आर इवेंट्स में भाग लिया।

प्रतिभागियों में आईएएस और बिपार्ड के अधिकारी से लेकर जूनियर स्तर के बालक-बालिकाएं शामिल थे। प्रतियोगिता में दिल्ली और बेंगलुरु सहित अन्य स्थानों से विशेष तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी मौजूद थी।

मुख्य अतिथि और अन्य व्यक्तियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।

नालंदा राइफल क्लब के गौरव, निखिल राज, मयंक, पुष्पंजय, शिवम, अभिनव, रोहित, प्रीति, हैप्पी, अनुपम, तन्मय राज, आदित्य सहित कई निशानेबाजों ने पदक जीते।

शूटिंग रेंज के प्रभारी उमेश पासवान ने बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता थी। यहां से चयनित निशानेबाज अब जोनल स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। जोनल प्रतियोगिताएं आगामी सितंबर-अक्टूबर माह में पश्चिम बंगाल में आयोजित होने की संभावना है।

समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि, अन्य राज्यों से आए तकनीकी विशेषज्ञ और शूटिंग रेंज के प्रभारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बिहार राज्य राइफल संघ के सचिव त्रिपुरारी सिंह, उपाध्यक्ष गया प्रसाद, बिपार्ड के डिप्टी डायरेक्टर दीपक कौशिक, अरवल डीटीओ अमन प्रीत, आईएएस अंकुर, समाजसेवी अवधेश कुमार सिंह,कोच कौशल नौगरैया, प्रशिक्षक निलेश कुमार औरलक्ष्मी शंकर उज्जैन, अंजन कुमार सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story