नालंदा जिले में सूरक्षा प्रहरी नियुक्ति के लिए जॉव कैंप का आयोजन
नालंदा, बिहारशरीफ 01 मई (हि.स.)।नालंदा जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला नियोजनालय नालंदा द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके लिए हैदराबाद के सहयोग से जिले के 10 प्रखंडों में जॉब कैंप सह पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कुल 250 पदों पर बहाली की जाएगी।जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास ने आज शुक्रवार को बताया कि कंपनी द्वारा 50 पद सुरक्षा सुपरवाइजर और 200 पद सुरक्षा जवान के लिए अधिसूचित किए गए हैं।
सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक उत्तीर्ण, 25 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 170 सेमी ऊंचाई अनिवार्य है, जबकि सुरक्षा जवान के लिए 10वीं पास, 18 से 40 वर्ष आयु और न्यूनतम 165 सेमी ऊंचाई निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 17 हजार से 25,500 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य होगा। यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क है और चयनित अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि प्रशिक्षण, ड्रेस एवं अन्य संबंधित खर्च अभ्यर्थी एवं कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।
शिविर का आयोजन 27 अप्रैल से 11 मई तक आयोजित किया गया है नालंदा जिले के विभिन्न प्रखंडों में सुबह 10:30 बजे से शिविर आयोजित होंगे। जिसमें 5 मई को अस्थावां, 6 मई को चंडी, 7 मई को हरनौत, 8 मई को नूरसराय, 9 मई को हिलसा तथा 11 मई को बिहारशरीफ में शिविर लगाए जाएंगे।जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने नजदीकी प्रखंड में आयोजित शिविर में भाग लेकर रोजगार प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

