सुखा नशा न करने को लेकर युवाओं को किया गया सचेत
नालंदा, बिहारशरीफ 18 अप्रैल (हि.स.)।नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल अंतर्गत आज शनिवार को समाजसेवी सह गुटखा छोड़ो आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. आशुतोष कुमार मानव ने हिलसा बस स्टैंड के समीप शिक्षण संस्थानों में सूखा नशा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र युवाओं को नशा न करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान इंगलिश कंपीटिशन ज़ोन में उन्होंने कहा कि सूखे नशे के दलदल में फ़सकर आज कल बड़ी संख्या में नौजवान बेमौत मारे जा रहे हैं।वहीं व्यापक पैमाने पर सूखा नशा का कारोबार बढ़ता जा रहा है। अगर समय रहते लोग नहीं चेते तो आने वाले समय में युवा शक्ति बर्बाद हो जाएगी।
मानव ने कहा कि पहले बच्चे देखा देखी नशीले पदार्थ का सेवन शुरू करते हैं जो बाद में जाकर बुरी आदत बन जाती है ख़ासकर बी एस , ड्रग्स , इंजेक्शन आदि की चपेट में आकर हज़ारों लोग असमय मौत के मुँह में जा चुके हैं ऐसे में अभिभावकों को भी सचेत रहना होगा। उन्होंने युवाओं से नशा न करने की अपील की है उन्होंने कहा कि नशा नाश की जननी है जो परिवार और समाज को भी खोखला कर देता है।शिक्षाविद् राजीव कुमार गुड्डू ने भी युवाओं से नशा न करने की अपील की तथा गाँव में अन्य लोगों को सचेत करने का आह्वान किया है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

