अग्नि शमन सेवा सप्ताह पर बताया गया अग्नि सुरक्षा के उपाय
नालंदा, बिहारशरीफ 17 अप्रैल (हि.स.)। बिहारअग्निशमन सेवा द्वारा आज शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति आम जनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत नालन्दा जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से एक प्रभात फेरी व जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस मौके पर जिला खेल कार्यालय नालन्दा से आए हुए कर्मचारियों के नेत्रत्व मे अग्नि शमन सेवा सप्ताह के उपलक्ष में शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट का भी आयोजन रखा गया और ट्रॉफी का वितरण किया गया।इस रैली में अग्निशमन विभाग के कर्मियों प्रतिभागियों द्वारा हाथों में बैनर लेकर “आग से सावधान रहें”, “सुरक्षा ही बचाव है” जैसे संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया।इस अवसर पर अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
उन्होंने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, गैस सिलेंडर के रख-रखाव और ज्वलनशील पदार्थों से सावधानी बरतने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा से संपर्क करना चाहिए। आग लगने की स्थिति में 101 या 112 नंबर पर डायल कर शीघ्र सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जा सके।बिहार अग्निशमन सेवा ने आम जनता से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से आपदा की बचाव की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

