नालंदा जिले में त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले में त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश


नालंदा, बिहारशरीफ 18 मार्च (हि.स.)।आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठ, रामनवमी एवं चैती नव दुर्गा पर्व 2026 को लेकर आज बुधवार कोअंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (आरआईसीसी) के सभागार में अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर ने संयुक्त रूप से की।बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अनुमंडल शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

सदस्यों ने विशेष रूप से पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर अपने-अपने विभाग से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करें। साथ ही, गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल एवं बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में बताया गया कि आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली गई है। इन स्थानों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे छठ पूजा एवं रामनवमी जुलूस के आयोजकों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दें और उनके अनुपालन में सहयोग करें, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story