नालंदा जिले में कृषि से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
नालंदा, बिहारशरीफ 26 दिसंबर (हि.स.)।नालंदा जिले के सभी प्रखंडों में कृषि से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। साथ ही कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया है।इस अवसर पर राजगीर में जिला कृषि पदाधिकारी नालंदा के नेतृत्व में कृषि से संबंधित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमे 250 किसानों द्वारा भाग लिया गया। साथ ही प्रत्येक प्रखंडों में 50 किसानों द्वारा कार्यक्रम के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों तक सरकार की कृषि योजनाओं को पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाना है।जिला कृषि पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यक्रम का मूल उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बीज अनुदान, कृषि यांत्रिकीकरण एवं प्राकृतिक खेती जैसी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।
इस अवसर पर किसानों को उन्नत कृषि तकनीक अपनाने, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण तथा फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं में पारदर्शिता, त्वरित समाधान एवं किसान हित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया गया है।अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, राजगीर के द्वारा किसानों से अपील किया गया कि रिपर कम बाईंडर कृषि यंत्र का उपयोग करें तथा फसल अवशेष को जलाने से बचें। फसल अवशेष जलाने से वातारण प्रदूषित तो होता ही है तथा खेती उर्वरा शक्ति भी कम होती है। इस तरह के आयोजन से किसानों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रशासन की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया गया है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

