नालंदा जिले में परित्यक्त बालिका को मिली ममता की छांव

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले में परित्यक्त बालिका को मिली ममता की छांव


बिहारशरीफ, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में कल्याण बिगहा ओपी थाना पुलिस द्वारा परित्यक्त अवस्था में मिली 10 दिन की बालिका तन्वी कुमारी को आज बुधवार को बाल कल्याण समिति, नालंदा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देशानुसार समुचित चिकित्सीय देखभाल के उपरांत बालिका को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, नालंदा में सुरक्षित रूप से आवासित किया गया।

महाराष्ट्र राज्य, पुणे निवासी दम्पति सचिन शाम पाटिल एवं सुजाता सचिन पाटिल संस्थान में बालिका से मिलने पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया एवं विधिक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरांत आज बुधवार को उक्त दम्पति द्वारा बालिका को विधिवत दत्तक ग्रहण किया गया। इस अवसर पर कुंदन कुमार,जिलाधिकारी नालंदा के कर-कमलों द्वारा उक्त दंपति को दत्तक ग्रहण आदेश पत्र प्रदान किया गया। दत्तक ग्रहण के उपरांत बालिका को तन्वी सचिन पाटिल के नाम से नया पारिवारिक पहचान प्राप्त हुआ।

सचिन शाम पाटिल (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) एवं सुजाता सचिन पाटिल (दंत चिकित्सक) एक सशक्त एवं सुसंस्कृत पारिवारिक से हैं, जो बालिका के उज्ज्वल भविष्य हेतु पूर्णतः सक्षम एवं प्रतिबद्ध हैं।विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, नालंदा द्वारा इस मानवीय एवं सराहनीय पहल के लिए दम्पति की भूरि-भूरि प्रशंसा की जाती है। जिलाधिकारी द्वारा बालिका तन्वी सचिन पाटिल के सुखद, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story