एक ही चालान पर दोबारा खनिज ढुलाई करते पकड़ा गया हाईवा, 10.47 लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
एक ही चालान पर दोबारा खनिज ढुलाई करते पकड़ा गया हाईवा, 10.47 लाख का जुर्माना


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में खनिज परिवहन के नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। एक ही चालान का दोबारा इस्तेमाल कर खनिज की ढुलाई करना एक हाईवा चालक को महंगा पड़ गया। सोमवार को गलगलिया मद्य निषेध चेकपोस्ट के समीप खनन विभाग की टीम ने जांच के दौरान हाईवा को पकड़ लिया।

विभाग ने वाहन पर 10 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही हाईवा को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि खनिज परिवहन की जांच के दौरान हाईवा द्वारा एक ही चालान का दोबारा इस्तेमाल कर खनिज की ढुलाई किए जाने का मामला पकड़ में आया।

जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद खनन विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि संबंधित हाईवा को जब्त कर लिया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में वाहन पर 10 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।गौरतलब है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनन विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है।

खासकर पश्चिम बंगाल और नेपाल सीमा से सटे इलाकों में खनिज परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। चालान में हेराफेरी और नियमों को ताक पर रखकर खनिज ढुलाई करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई कर रहा है। खनन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन कर खनिज परिवहन करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मचा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिज परिवहन में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story