तिनसुकिया रेल मंडल में बाढ़ का कहर, राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों विलंब से संचालित

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 01 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के तिनसुकिया मंडल में आई भीषण बाढ़ का गंभीर असर अब रेल परिचालन पर साफ दिखने लगा है। बाढ़ प्रभावित रेलखंडों पर परिचालन बाधित होने और कई ट्रेनों के मार्ग डायवर्ट किए जाने के कारण राजधानी एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ और जलभराव के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके तहत ट्रेन संख्या 12423 डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस वाया कटिहार शनिवार को अपने निर्धारित समय से लगभग पांच घंटे की देरी से गंतव्य की ओर रवाना हुई। इसके अलावा डिब्रूगढ़–दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस वाया लखनऊ सहित क्षेत्र की अन्य कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी घंटों विलंब से चल रही हैं।

ट्रेनों के लगातार और अनिश्चित विलंब से रेलवे स्टेशनों पर फंसे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशनों पर लंबे समय तक इंतजार करने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए बुक की गई कनेक्टिंग ट्रेनें भी छूट चुकी हैं, जिससे यात्रियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों द्वारा स्थिति को नियंत्रण में लाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में परिचालन में बदलाव को देखते हुए रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे घर से स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी टोल-फ्री नंबर 139 पर अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story