समय पर पहचान बनी उम्मीद, क्लबफुट पीड़ित राफिया इलाज के लिए भागलपुर रेफर
किशनगंज, 29 जुलाई (के.स.)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत क्लबफुट (टेढ़े-मेढ़े पैर) से पीड़ित बच्ची राफिया नाज़ को बेहतर उपचार के लिए बुधवार को सदर अस्पताल किशनगंज से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के तहत बच्ची को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार क्लबफुट एक जन्मजात विकृति है, जिसमें बच्चे का पैर सामान्य स्थिति में न होकर अंदर या नीचे की ओर मुड़ा रहता है। यदि समय पर इसका उपचार नहीं कराया जाए तो बच्चे को चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि शुरुआती अवस्था में पहचान और नियमित इलाज से इस समस्या का सफल उपचार संभव है। आरबीएसके के तहत जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है। स्क्रीनिंग के दौरान जन्मजात विकृतियों, कुपोषण, दृष्टि दोष, हृदय रोग सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर जरूरतमंद बच्चों को विशेषज्ञ उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाता है।
राफिया नाज़ की पहचान भी इसी अभियान के दौरान हुई, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे भागलपुर रेफर किया गया।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या की समय पर पहचान और उपचार बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आरबीएसके के माध्यम से जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और किसी भी बच्चे को इलाज से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में जन्म से किसी प्रकार की शारीरिक विकृति दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि क्लबफुट जैसी जन्मजात विकृतियों में जितनी जल्दी उपचार शुरू होता है, उतने बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने कहा कि आरबीएसके टीम केवल बच्चों की पहचान ही नहीं करती, बल्कि उन्हें विशेषज्ञ अस्पताल तक पहुंचाने और उपचार की पूरी प्रक्रिया में सहयोग भी करती है। उन्होंने अभिभावकों से आरबीएसके की सेवाओं का लाभ उठाने और चिकित्सकों द्वारा बताए गए फॉलोअप का नियमित पालन करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

