छठ महापर्व को लेकर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा चाक-चौबंद, रेल एसपी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व को लेकर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा चाक-चौबंद, रेल एसपी ने लिया जायजा


भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहार के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रख रही है।

इसी कड़ी में रेल एसपी, रेल डीएसपी जमालपुर और आरपीएफ इंस्पेक्टर ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, विभिन्न प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों को पूरी सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का सख्त निर्देश दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्टेशन पर विशेष एंटी सबोटेज जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्निफर डॉग की मदद से स्टेशन परिसर में लावारिस और संदिग्ध सामानों की सघन तलाशी ली जा रही है।

रेल पुलिस की टीम यात्रियों के सामानों के साथ-साथ स्टेशन पर आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रख रही है, ताकि असामाजिक तत्वों और अपराधियों की किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके। भागलपुर में हाल ही में हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना के बाद से रेल पुलिस विशेष रूप से संवेदनशील और सतर्क है।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान रेल एसपी ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि छठ महापर्व के दौरान उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आरपीएफ और जीआरपी के जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं। उन्होंने आम यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल रेल पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story