श्रावणी मेला के दौरान सघन टिकट जांच अभियान आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला के दौरान सघन टिकट जांच अभियान आयोजित


भागलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में आयोजित श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा टिकट जांच अभियान को और अधिक सघन किया गया है, ताकि अनुशासित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। रेलवे राजस्व की सुरक्षा हो तथा श्रद्धालुओं एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करना न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि एक दक्ष, यात्री-अनुकूल एवं सुरक्षित रेल व्यवस्था बनाए रखने की साझा जिम्मेदारी भी है।

इसी उद्देश्य के अनुरूप मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मालदा मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने तथा रेलवे नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा कार्तिक सिंह के नेतृत्व में साहिबगंज–भागलपुर– जमालपुर रेलखंड में विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत सुल्तानगंज एवं भागलपुर स्टेशनों पर जांच के साथ-साथ गाड़ी संख्या 12335 भागलपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13334 पटना–दुमका एक्सप्रेस, 13409 मालदा टाउन–किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा इस रेलखंड से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों में भी टिकट जांच की गई।

अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 372 मामले पकड़े गए तथा 3,83,135 रुपया का जुर्माना राशि प्राप्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story