छपरा-सीवान रेलखंड पर सघन जांच, 103 बिना टिकट यात्री पकड़े गए

WhatsApp Channel Join Now
छपरा-सीवान रेलखंड पर सघन जांच, 103 बिना टिकट यात्री पकड़े गए


सीवान, 08 अप्रैल (हि.स.)।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के तहत छपरा-सीवान-थावे-मशरख रेलखंड पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जनसम्पर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार के अनुसार, इस अभियान में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 103 यात्रियों को पकड़ा गया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में यह विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छपरा कचहरी-थावे-मशरख रेलखंड पर चलने वाली कई सवारी गाड़ियों में किलाबंदी कर टिकट जांच की गई।

इस दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा-थावे डेमू, 75105 थावे-नकहा जंगल डेमू, 55036 गोरखपुर-सीवान सवारी गाड़ी और 55109 थावे-मशरख-छपरा कचहरी सवारी गाड़ियों में विशेष रूप से जांच अभियान चलाया गया।

टिकट जांच दल में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे विशाल कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर सहित कुल 8 कर्मचारियों एवं एक आरपीएफ जवान की टीम शामिल रही। अभियान के दौरान पकड़े गए यात्रियों से कुल 27,850 रुपये जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान स्टेशनों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतार भी देखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story