टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली

WhatsApp Channel Join Now
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली


बक्सर, 10 अगस्त (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर में कमान अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल से इटाढ़ी तक किया गया, जिसमें एनसीसी के पीआई अधिकारी, कैडेट्स एवं अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स हाथों में टीबी जागरूकता से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। कैडेट्स ने “टीबी को हराना है, देश को बचाना है” और “टीबी मुक्त भारत, स्वस्थ भारत” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रास्ते भर आम नागरिकों को टीबी के लक्षण, बचाव तथा सरकार की ओर से उपलब्ध नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी दी गई। डीएवी पब्लिक स्कूल एवं फाउंडेशन स्कूल के कैडेट्स ने भी रैली में सक्रिय भागीदारी निभाई।

रैली के समापन पर कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल ने कहा कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। समय पर इसकी पहचान कर उचित उपचार कराने से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने का आह्वान किया। अभियान के दौरान पीआई, कैडेट्स एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story