तेज आंधी में पेड़ गिरने से कच्चा मकान ढहा, सुपौल में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
सुपौल, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत वायसी पंचायत के वार्ड संख्या 12 में बीती रात तेज आंधी और बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे एक कच्चे मकान पर गिर पड़ा। उस समय घर के अंदर मौजूद 55 वर्षीय गुनेश्वर यादव मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जाता है कि मृतक गुनेश्वर यादव दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और वही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
लोगों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, ऐसे में सरकारी सहायता बेहद जरूरी है।इस मामले में राघोपुर प्रखंड के विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। वहीं, राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

