आंधी, बारिश से तबाही, विद्युत आपूर्ति देर रात तक ठप

WhatsApp Channel Join Now
आंधी, बारिश से तबाही, विद्युत आपूर्ति देर रात तक ठप


सुपौल, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले में त्रिवेणीगंज अनुमंडल तथा आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की रात आई तेज आंधी, बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों और बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। आंधी-तूफान का असर सबसे अधिक शादी-ब्याह के आयोजनों पर पड़ा। कई जगहों पर टेंट उखड़ गए, जिससे समारोहों में अफरातफरी का माहौल बन गया। मैरिज हॉल और पंडालों की सजावट भी बर्बाद हो गई, जिससे आयोजकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

अचानक मौसम खराब होने से लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के कई गांवों और कस्बों में अंधेरा छा गया। पेड़ों के गिरने से कई सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करने में जुट गई हैं।

विद्युत विभाग के जूनियर राकेश कुमार ने बताया कि आंधी और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गिरे हुए पेड़ों और क्षतिग्रस्त तारों को ठीक करने का कार्य तेजी से चल रहा है, बताया कि गुरुवार की सुबह चार बजे विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी। इधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। वहीं इसके साथ ही तनक को लेकर भी सर्तकता बरतने की जरूरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story