थुमहा बाजार में सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, जागरूकता अभियान चलाया
सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ते सूखा नशा और अन्य मादक पदार्थों के कथित बढ़ते प्रचलन के खिलाफ अब ग्रामीण खुलकर सामने आने लगे हैं। रविवार को थुमहा बाजार स्थित महादेव मंदिर परिसर में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें थुमहा पंचायत सहित आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से सूखा नशा और ड्रग्स की बिक्री हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन गई है और अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
बैठक में नशा मुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने थूमहा बाजार में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में सूखा नशा का प्रचलन बढ़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर सामूहिक प्रयास करना होगा। तभी युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकेगा और एक स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

