थ्रेसर की चिंगारी से लगी आग, एक आवासीय समेत चार घर जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
थ्रेसर की चिंगारी से लगी आग, एक आवासीय समेत चार घर जलकर राख


थ्रेसर की चिंगारी से लगी आग, एक आवासीय समेत चार घर जलकर राख


सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले छातापुर थाना क्षेत्र की रामपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या एक के हरिहरपुर गांव में बुधवार अपराह्न थ्रेसर से निकली चिंगारी ने चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी की इस घटना में एक आवासीय और तीन गैर आवासीय घर जलकर राख हो गए। वहीं, घरों में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर, खाद, बिजली के पंखे सहित घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।

घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, आग की चपेट में आने से तीन बकरियों की झुलसकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को गांव में धान की तैयारी के दौरान थ्रेसर से निकली चिंगारी योगेंद्र मैरता के घर पर जा गिरी। देखते ही देखते घर में आग लग गई और आग की लपटें आसपास के घरों तक फैल गईं। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं, घटना की सूचना थाना एवं अंचल कार्यालय को दी गई।

सूचना पर भीमपुर, प्रतापगंज एवं त्रिवेणीगंज थाने से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों घरों में रखे सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। गैर आवासीय घर में बंधी तीन बकरियों की भी आग में झुलसने से मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज पैक्स अध्यक्ष बबलू कुसियैत, पंचायत समिति सदस्य विमल झा एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य विपिन उपरोझिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही सरकार की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

इस संबंध में अंचलाधिकारी रविराज कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर अगलगी से हुई क्षति का आकलन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story